अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समिति की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष डॉ आशा लाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल की कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री श्री डी.के. शिवकुमार जी से भेंट
बेंगलुरु में सेनानी भवन की स्थापना हेतु ज्ञापन सौंपा
बेंगलुरु:/ देहरादून,
अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समिति (रजि.), नई दिल्ली के प्रतिनिधिमंडल ने कर्नाटक के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री डी.के. शिवकुमार जी से शिष्टाचार भेंट कर बेंगलुरु में स्वतंत्रता सेनानियों के लिए ‘सेनानी भवन’ की स्थापना हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डॉ. आशा लाल, अध्यक्ष – महिला विंग, ने किया। प्रतिनिधिमंडल में श्री अप्पाराव एस. नावले जी (महासचिव एवं कोषाध्यक्ष), श्रीमती रानी झांसी लक्ष्मी (महासचिव, महिला विंग) तथा श्री गिरिश इनामदार (लेखक, प्रेस प्रतिनिधि एवं स्वतंत्रता सेनानी के पौत्र) उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री महोदय को अवगत कराया कि प्रस्तावित सेनानी भवन एक स्मारक, पुस्तकालय, सांस्कृतिक एवं शोध केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, मूल्यों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाना है।
इस अवसर पर डॉ. आशा लाल द्वारा माननीय उपमुख्यमंत्री श्री डी.के. शिवकुमार जी को कर्नाटक की सांस्कृतिक पहचान ‘मैसूर सिल्क शॉल’ से सम्मानित किया गया।
डॉ. आशा लाल ने उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा सेनानी भवन को स्वीकृति दिए जाने एवं वहाँ निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाने की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय पूरे देश के लिए प्रेरणास्पद है। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि कर्नाटक सरकार भी इसी भावना के साथ बेंगलुरु में सेनानी भवन की स्थापना हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से बेंगलुरु में उपयुक्त सिविक एमिनिटी (CA) साइट के आवंटन, राज्य सरकार से वित्तीय सहयोग, स्वतंत्रता सेनानियों की आश्रित अविवाहित/बेरोज़गार पुत्रियों को पेंशन लाभ तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को पहचान पत्र जारी करने की मांग रखी गई।
माननीय उपमुख्यमंत्री श्री डी.के. शिवकुमार जी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए ज्ञापन में उल्लिखित मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समिति का लक्ष्य देश के प्रत्येक राज्य में सेनानी भवन की स्थापना करना है, ताकि स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथा और हमारे नायकों का त्याग सदैव जीवित रहे।