सरकार राजनीति में खोई प्रदेश का माहौल बिगाड़ रहे अपराधी – राजकुमार

देहरादून,।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही हत्या, अपराध और अवैध गतिविधियों को लेकर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदेश का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है, जिसका कारण बाहरी राज्यों से आ रहे लोगों की भूमिका भी बताई जा रही है। सरकार की नीतियां और नियम पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
इसी मुद्दे को लेकर आज उत्तराखंड सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजकुमार ने पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलकर भाजपा सरकार का पुतला फूंका और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधों पर लगाम लगाने में सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की, ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बहाल की जा सके।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।