दून में बढ़ती पेयजल व सीवर समस्या जल्द दूर न हुई तो घेरेंगे जल संस्थान – राजकुमार

दून में जल संकट व सीवर की समस्या गंभीर – राजकुमार

देहरादून:
देहरादून में जल संकट और सीवर समस्या को लेकर स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। पूर्व विधायक राजकुमार ने आज जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और घेराव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों बालबीर रोड, न्यू रोड, गांधी रोड, कांवली रोड, खुडबुडा मौहल्ला और पुरानी बस्ती में सीवर लाइनें ओवरफ्लो हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा है कि वहीं कई जगह पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण सीवर का दूषित पानी पीने के पानी में मिल रहा है, जिससे लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है और वह मजबूरी में उसका उपयोग करने को विवश हैं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा जलापूर्ति व्यवस्था भी चरमराई हुई है। कावली रोड, शिवाजी मार्ग, चुक्खू मौहल्ला, इंदिरा कॉलोनी, नेशविला रोड, डीएल रोड, राजेश रावत कॉलोनी, गांधी बस्ती, चंदर रोड, संजय कॉलोनी, बालबीर रोड जैसे क्षेत्रों में कहीं पानी बिल्कुल नहीं आ रहा है तो कहीं बहुत कम मात्रा में सप्लाई हो रही है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके। अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।