देहरादून,
सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पीजी कॉलेज में आज भारतीय तटरक्षक बल के पूर्व महानिदेशक एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के विभागाध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह तोमर जी का प्रेरणादायी संवाद आयोजित हुआ।
इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को अनुशासन, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व समझाया। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि कक्षा में मिलने वाला ज्ञान बहुत जरूरी है, लेकिन जीवन में सफलता के लिए केवल वही पर्याप्त नहीं होता। वास्तविक जीवन की चुनौतियां अधिक व्यापक होती हैं, इसलिए युवाओं को खुद को बड़े लक्ष्य और प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
श्री तोमर ने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, विशेषकर एनएसएस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रहा है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के चेयरमैन अनिल सिंह तोमर, प्राचार्य डॉ. रवि कुमार, उप प्राचार्य डॉ. प्रियंका जलाल के साथ-साथ सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राए उपस्थित रहे।