नेपाल में कविता बिष्ट ‘नेह’ को मिला नेपाल–भारत साहित्य गौरव सम्मान
महेंद्रनगर (नेपाल)। नेपाल मानसखण्ड गुरुकुल के सौजन्य से महेंद्रनगर, कंचनपुर में मानसखण्ड लोक संस्कृति सम्मेलन एवं लिटिल बुद्ध अंतर्राष्ट्रीय काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत एवं नेपाल के वरिष्ठ साहित्यकारों की विशिष्ट उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में भारत की प्रतिष्ठित हिंदी कवयित्री कविता बिष्ट ‘नेह’ को उनके उत्कृष्ट काव्य-पाठ, साहित्यिक योगदान तथा भारत–नेपाल सांस्कृतिक समन्वय को सुदृढ़ करने हेतु ‘नेपाल–भारत साहित्य गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया।
यह सम्मान उन्हें नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। सभागार में उनके सुरीले, भावपूर्ण और प्रभावशाली काव्य-पाठ को सभी साहित्यप्रेमियों ने भरपूर सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन नेपाल के प्रतिष्ठित साहित्यकारों द्वारा किया गया। आयोजन में दोनों देशों के रचनाकारों ने साहित्यिक संवाद स्थापित करते हुए सांस्कृतिक साझेदारी को नई दिशा प्रदान की।
कविता बिष्ट ‘नेह’ को प्राप्त यह सम्मान उनकी साहित्यिक साधना का गौरव है यह सम्मान भारत–नेपाल मैत्री और सांस्कृतिक एकता का भी महत्वपूर्ण संदेश देता है।