अर्बन को ऑपरेटिव बैंक के खाताधारक कल करेंगे जोरदार प्रदर्शन

 

**अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक, देहरादून के पीड़ित खाताधारकों का होगा – 4 मई 2026  जोरदार प्रदर्शन**

देहरादून।

अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, देहरादून के हजारों पीड़ित खाताधारक, जो लंबे समय से अपने ही जमा धन राशि निकालने से वंचित हैं, जिस कारण अपनी बिगड़ती आर्थिक स्थिति के विरोध में  **04 मई 2026 (सोमवार)** को एक शांतिपूर्ण  प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराएंगे  ।

सभी खाताधारक प्रातः **10:30 बजे बैंक की मुख्य शाखा के बाहर एकत्रित होंगे** और वहां से पैदल मार्च करते हुए **घण्टाघर, देहरादून** की ओर प्रस्थान करेंगे। घण्टाघर पर पहुंचकर खाताधारक शासन-प्रशासन, भारतीय रिज़र्व बैंक तथा बैंक प्रबंधन के खिलाफ **धरना-प्रदर्शन** करेंगे।

प्रदर्शन के दौरान, अपनी गंभीर आर्थिक स्थिति को दर्शाने हेतु पीड़ित खाताधारक **प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगकर विरोध दर्ज कराएंगे**, ताकि यह संदेश दिया जा सके कि अपनी ही जमा पूंजी से वंचित होने के कारण वे आज अपने परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, दवाइयों एवं दैनिक आवश्यकताओं तक को पूरा करने में असमर्थ हो गए हैं।

खाताधारकों का आरोप है कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के पश्चात तथा एसएसपी द्वारा विशेष जांच टीम (SIT) के गठन के बावजूद भी अब तक बैंक के आरोपी कर्मचारियों, प्रबंधन, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तथा पिछले लगभग 13 वर्षों से बैंक का ऑडिट करने वाले ऑडिटर्स के विरुद्ध **कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और न ही कोई ठोस कानूनी कार्रवाई की गई है**।

इसके अतिरिक्त, खाताधारकों का यह भी आरोप है कि भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा उन्हें किसी प्रकार की राहत प्रदान नहीं की जा रही है, न ही धन वापसी की कोई समय-सीमा दी जा रही है, और लगातार भेजे जा रहे ईमेल एवं निवेदनों का भी कोई उत्तर नहीं दिया जा रहा है, जिससे पीड़ितों में गहरा असंतोष है।

खाताधारकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करें व खाताधारकों को शीघ्र राहत दें ।